Current Affairs Today (20 November 2026)
- वर्ष 2026 के राष्ट्रीय पुस्तक पुरस्कार में फिक्शन श्रेणी का विजेता कौन-सा उपन्यास रहा?उत्तर: पैराडिसो 17।
- भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के 12वें संस्करण का आयोजन वर्ष 2026 में कहाँ किया जाएगा?उत्तर: पुणे।
- अग्निवीरवायु कर्मियों को योग प्रशिक्षक (लेवल-1) का प्रमाणपत्र देने के लिए भारतीय वायु सेना ने किस विश्वविद्यालय से समझौता किया?उत्तर: केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय।
- ओडिशा के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में नवंबर 2026 के दौरान खोजी गई बिच्छू की नई प्रजाति का नाम क्या रखा गया?उत्तर: लियोचेल्स सिमिलिपालोनेंसिस।
- किस उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि दत्तक बच्चों को आधिकारिक दस्तावेजों में सिर्फ ‘पुत्र’ या ‘पुत्री’ के रूप में दर्ज किया जाए?उत्तर: केरल उच्च न्यायालय।
- वर्ष 2026 में वर्ल्ड सेलिंग 11th आवर रेसिंग इम्पैक्ट अवॉर्ड प्राप्त करने वाला पहला भारतीय संगठन कौन बना?उत्तर: हैदराबाद यॉट क्लब।
- महाराष्ट्र सरकार ने किस रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने का निर्णय लिया है?उत्तर: दादर रेलवे स्टेशन।
- अर्थशॉट पुरस्कार 2026 के अंतर्गत ‘क्लीन अवर एयर’ श्रेणी में किस भारतीय कंपनी को सम्मानित किया गया?उत्तर: महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी।
- विश्व शौचालय दिवस 2026 का आयोजन किस दिन किया गया?उत्तर: 19 नवंबर।
- प्रतिदिन 10 टन उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार करने की परियोजना के लिए टाटा स्टील ने किस अमेरिकी कंपनी से हाथ मिलाया है?उत्तर: यूटिलिटी ग्लोबल।
Current Affairs Playlist Rojgar With Ankit Youtube Channel
राष्ट्रीय पुस्तक पुरस्कार 2026 की फिक्शन श्रेणी में ‘पैराडिसो 17’ को सम्मानित किया गया
वर्ष 2026 के राष्ट्रीय पुस्तक पुरस्कार (National Book Awards 2026) में हन्ना लिलिथ अस्सादी (Hannah Lillith Assadi) को उनके उपन्यास ‘पैराडिसो 17’ (Paradiso 17) के लिए फिक्शन श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह उपन्यास वर्ष 1948 के नकबा (Nakba) से पाँच वर्ष पहले जन्मे फिलिस्तीनी व्यक्ति सुफ़िएन (Sufien) के जीवन पर आधारित है। इसमें विस्थापन, निर्वासन, शोक, प्रेम और अपनेपन की तलाश जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। नॉन-फिक्शन श्रेणी में अब्देलरहमान एलगेन्डी (Abdelrahman ElGendy) को उनकी पुस्तक ‘हुना: अ मेमोयर ऑफ रिवोल्यूशन, प्रिजन, एंड बिकमिंग’ (Huna: A Memoir of Revolution, Prison, and Becoming) के लिए पुरस्कार मिला। वहीं, अनूदित साहित्य श्रेणी में विसेंटे लुइस मोरा (Vicente Luis Mora) की पुस्तक ‘सेंट्रोयूरोपा’ (Centroeuropa), जिसका अनुवाद राहुल बेरी ने किया है, को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी (Salman Rushdie) को लाइफटाइम अचीवमेंट मेडल प्रदान किया गया।
12वें भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव 2026 का आयोजन पुणे में होगा
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 18 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया केंद्र (National Media Centre) में 12वें भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (India International Science Festival – IISF 2026) के कर्टेन रेज़र कार्यक्रम के दौरान इसकी आधिकारिक वेबसाइट और ब्रोशर लॉन्च किया। यह महोत्सव 19 से 22 दिसंबर, 2026 तक महाराष्ट्र के पुणे शहर में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ (India’s Science, World’s Future) निर्धारित की गई है।
भारतीय वायु सेना और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच योग प्रशिक्षण के लिए समझौता
भारतीय वायु सेना (Indian Air Force – IAF) ने अग्निवीरवायु कर्मियों को योग का व्यवस्थित प्रशिक्षण और प्रमाणन प्रदान करने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (Central Sanskrit University – CSU) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के अंतर्गत ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण (Computer-Based Training – CBT) कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से अग्निवीरवायु कर्मियों को योग प्रशिक्षक स्तर-1 (Yoga Instructor Level-I) का प्रमाणन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व में बिच्छू की नई प्रजाति ‘लियोचेल्स सिमिलिपालेन्सिस’ की खोज
नवंबर 2026 में शोधकर्ताओं ने ओडिशा के सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व (Similipal Tiger Reserve) में बिच्छू की एक नई प्रजाति ‘लियोचेल्स सिमिलिपालेन्सिस’ (Liocheles similipalensis) का विवरण प्रस्तुत किया। यह ओडिशा में लियोचेल्स वंश (Genus Liocheles) की पहली पुष्ट उपस्थिति मानी गई है। यह प्रजाति स्कॉर्पियोनेस गण (Order Scorpiones) और हॉरम्यूरिडी कुल (Family Hormuridae) से संबंधित है। इसकी लंबाई लगभग 44 से 53 मिलीमीटर होती है तथा इसका शरीर गहरे चमकदार नीले-काले रंग का होता है। इस खोज के बाद विश्व में मान्यता प्राप्त लियोचेल्स प्रजातियों की संख्या छह से बढ़कर सात हो गई है, जबकि भारत में वर्णित इस वंश की यह चौथी प्रजाति है।
केरल उच्च न्यायालय ने गोद लिए गए बच्चों के अभिलेखों से ‘दत्तक’ शब्द हटाने का निर्देश दिया
केरल उच्च न्यायालय (Kerala High Court) ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि आधिकारिक दस्तावेजों में गोद लिए गए बच्चों के नाम के साथ ‘दत्तक’ (Adopted) शब्द का प्रयोग नहीं किया जाए और उन्हें केवल ‘पुत्र’ या ‘पुत्री’ के रूप में दर्ज किया जाए। न्यायमूर्ति पी.वी. कुन्हिकृष्णन ने यह निर्णय सुनाते हुए स्पष्ट किया कि कानूनी उत्तराधिकारी प्रमाणपत्र (Legal Heirship Certificate) सहित सभी सरकारी अभिलेखों में गोद लिए गए बच्चों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। न्यायालय ने राज्य सरकार को एक महीने के भीतर ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल (e-District Portal) से ‘दत्तक संतान’ का विकल्प हटाने और संबंधित दिशा-निर्देशों में संशोधन करने का आदेश दिया। हिंदू दत्तक ग्रहण और भरण-पोषण अधिनियम, 1956 की धारा 12 के अनुसार, गोद लिया गया बच्चा सभी कानूनी उद्देश्यों के लिए अपने दत्तक माता-पिता की संतान माना जाता है।
हैदराबाद यॉट क्लब ने वर्ल्ड सेलिंग 11th आवर रेसिंग इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026 जीता
हैदराबाद यॉट क्लब (Yacht Club of Hyderabad – YCH) ने चीन के छिंगदाओ (Qingdao) में आयोजित कार्यक्रम में वर्ल्ड सेलिंग 11th आवर रेसिंग इम्पैक्ट अवॉर्ड 2026 (World Sailing 11th Hour Racing Impact Award 2026) प्राप्त किया। इसके साथ ही यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करने वाला भारत का पहला संगठन बन गया। क्लब को अमेरिका कप (America’s Cup) में उपयोग किए गए पुनर्चक्रित कार्बन फाइबर (Recycled Carbon Fibre) से निर्मित ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10,000 अमेरिकी डॉलर का अनुदान भी दिया गया।
महाराष्ट्र सरकार ने दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने की घोषणा की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन (Dadar Railway Station) का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ (Chaityabhoomi) करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए आवश्यक विधायी औपचारिकताएँ पूरी करेगी। चैत्यभूमि मुंबई के दादर क्षेत्र के निकट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर का अंतिम संस्कार स्थल और प्रमुख स्मारक है। यह स्थान डॉ. आंबेडकर के अनुयायियों के लिए विशेष ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व रखता है।
महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने अर्थशॉट पुरस्कार 2026 की ‘क्लीन अवर एयर’ श्रेणी जीती
भारतीय कंपनी महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी (Mahindra Last Mile Mobility – MLMML) को वर्ष 2026 के अर्थशॉट पुरस्कार (The Earthshot Prize 2026) में ‘क्लीन अवर एयर’ (Clean Our Air) श्रेणी का विजेता घोषित किया गया। प्रिंस विलियम द्वारा स्थापित इस प्रतिष्ठित पर्यावरण पुरस्कार के अंतर्गत कंपनी को 10 लाख पाउंड (£1 Million) की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसका उद्देश्य भारत में इलेक्ट्रिक लास्ट-माइल वाणिज्यिक वाहनों के विस्तार, चालकों की आजीविका में सुधार और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करना है। अन्य श्रेणियों में भूटान को ‘प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर नेचर’, डेनमार्क की ऊर्जा कंपनी Ørsted को ‘फिक्स अवर क्लाइमेट’, PFAS-Free France को ‘बिल्ड अ वेस्ट-फ्री वर्ल्ड’ और नीयू ओशन वाइड ट्रस्ट (Niue Ocean Wide Trust) को ‘रिवाइव अवर ओशन्स’ श्रेणी में सम्मानित किया गया। भूटान को 50,000 हेक्टेयर क्षतिग्रस्त भूमि के पुनरुद्धार और दक्षिण एशिया में 1.6 अरब लोगों की जल सुरक्षा में योगदान के लिए पुरस्कार दिया गया। नीयू ओशन वाइड ट्रस्ट को समुद्री संरक्षण के लिए वित्तपोषण मॉडल विकसित करने और मछलियों की आबादी में 60 प्रतिशत वृद्धि के लिए सम्मानित किया गया। PFAS-Free France को फ्रांस में हानिकारक ‘फॉरएवर केमिकल्स’ पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून में योगदान के लिए पुरस्कार मिला। वहीं, Ørsted को कोयला आधारित ऊर्जा कंपनी से वैश्विक अपतटीय पवन ऊर्जा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बनने और प्रत्यक्ष कार्बन उत्सर्जन में 98 प्रतिशत से अधिक की कमी लाने के लिए सम्मानित किया गया।
विश्व शौचालय दिवस 2026 का आयोजन 19 नवंबर को किया गया
विश्व शौचालय दिवस (World Toilet Day) प्रत्येक वर्ष 19 नवंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में यह दिवस ‘सुरक्षित शौचालय, समान भविष्य’ (Safe Toilets. Equal Futures.) थीम के साथ मनाया गया। इस वर्ष के अभियान में सुरक्षित और सुलभ स्वच्छता सुविधाओं के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। इसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं गरिमा सुनिश्चित करने के साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह दिवस संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-6 (Sustainable Development Goal 6 – SDG 6) से भी जुड़ा है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक सभी लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
टाटा स्टील ने हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना के लिए अमेरिकी कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल से साझेदारी की
टाटा स्टील (Tata Steel) ने 18 नवंबर, 2026 को अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल (Utility Global) के साथ एक महत्वपूर्ण साझेदारी की घोषणा की। इस सहयोग के अंतर्गत ओडिशा के कलिंगनगर इस्पात संयंत्र (Kalinganagar Steel Plant) में प्रतिदिन 10 टन उच्च शुद्धता वाले हाइड्रोजन (High-Purity Hydrogen) के उत्पादन की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजना में इस्पात निर्माण के दौरान निकलने वाली गैसों, विशेष रूप से ब्लास्ट फर्नेस गैस (Blast Furnace Gas) और बेसिक ऑक्सीजन फर्नेस गैस (Basic Oxygen Furnace – BOF Gas), के साथ पानी का उपयोग किया जाएगा। यह भारत की पहली ऐसी प्रस्तावित परियोजना होगी, जिसमें इस्पात संयंत्र से निकलने वाली गैसों के माध्यम से हाइड्रोजन का उत्पादन किया जाएगा।