Current Affairs Today (27 November 2026)
- बैडमिंटन विश्व महासंघ (BWF) ने वर्ष 2028 के थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी किस शहर को सौंपी है?उत्तर: नई दिल्ली
- टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार 2026 की स्वास्थ्य सेवा श्रेणी में किस भारतीय वैज्ञानिक को सम्मानित किया गया?उत्तर: डॉ. कॉलिन जमोरा
- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन क्षेत्र में रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल (MRO) संबंधी सहयोग के लिए किस देश के साथ समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी?उत्तर: सिंगापुर
- संविधान दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय संविधान का अद्यतन संस्करण कितनी अनुसूचित भाषाओं में जारी किया गया?उत्तर: 22 भाषाओं में
- नवंबर 2026 में ‘स्वयं सिद्धा राष्ट्रीय सम्मेलन’ का उद्घाटन किसने किया?उत्तर: सी. पी. राधाकृष्णन
- भारत और नेपाल के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘सूर्य किरण’ का 20वाँ संस्करण नवंबर 2026 में कहाँ आयोजित किया गया?उत्तर: सालझंडी, नेपाल
- 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता 2026 की विजेता जेनिफर बैरेटो किस देश से संबंधित हैं?उत्तर: प्यूर्टो रिको
- 64वीं मिस इंटरनेशनल प्रतियोगिता 2026 की विजेता एलिज़ावेता कुज़नेत्सोवा किस देश से संबंधित हैं?उत्तर: मोल्दोवा
- वंचित वर्ग के विद्यार्थियों तक शिक्षा की पहुँच बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए जापान में विशेष उपलब्धि पुरस्कार से किस भारतीय गणितज्ञ को सम्मानित किया गया?उत्तर: आनंद कुमार
- नवंबर 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री को किस पारंपरिक भारतीय कला से निर्मित चित्रकला भेंट की?उत्तर: रोगन कला
Current Affairs Playlist Rojgar With Ankit Youtube Channel
नई दिल्ली करेगी 2028 थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी
बैडमिंटन विश्व महासंघ (BWF) ने वर्ष 2028 के थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स (Thomas & Uber Cup Finals) की मेजबानी नई दिल्ली को सौंपी है। भारत 14 वर्षों के अंतराल के बाद दूसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इससे पहले वर्ष 2014 में नई दिल्ली में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। वर्ष 2028 के संस्करण में भाग लेने वाली टीमों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2030 के थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स का आयोजन पेरिस, फ्रांस में होगा। वर्ष 2027 की बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप कनाडा के मिसिसॉगा में तथा वर्ष 2029 के सुदीरमन कप फाइनल्स का आयोजन दक्षिण कोरिया में किया जाएगा।
नेपाल और UNDP ने शुरू की GLOF संजीवनी परियोजना
नेपाल सरकार और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) ने वर्ष 2026 में हिमनद झील विस्फोट बाढ़ (Glacial Lake Outburst Floods–GLOF) के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से GLOF संजीवनी परियोजना (GLOF Sanjibani Project) शुरू की है। लगभग 49.94 मिलियन अमेरिकी डॉलर की इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य हिमालयी और निचले क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों को हिमनद झीलों के विस्फोट से उत्पन्न होने वाली बाढ़ के खतरों से सुरक्षित करना है।
डॉ. कॉलिन जमोरा को मिला टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार 2026
न्यूयॉर्क एकेडमी ऑफ साइंसेज और टाटा संस ने टाटा ट्रांसफॉर्मेशन पुरस्कार 2026 (Tata Transformation Prize) के विजेताओं की घोषणा की, जिसके अंतर्गत तीन भारतीय वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विजेता को 2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। खाद्य सुरक्षा श्रेणी में भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु के प्रोफेसर लक्ष्मीनारायण राव को प्लाज्मा-सक्रिय जल (PAW) विकसित करने के लिए चुना गया, जिससे रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता कम होती है। स्थिरता श्रेणी में सीएसआईआर-राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला के डॉ. अमोल कुलकर्णी को स्क्रू रिएक्टर आधारित विलायक-मुक्त रासायनिक विनिर्माण तकनीक विकसित करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, स्वास्थ्य सेवा श्रेणी में शिव नादर इंस्टीट्यूशन ऑफ एमिनेंस के डॉ. कॉलिन जमोरा को हेयर फॉलिकल स्टेम सेल के माध्यम से मधुमेह संबंधी पैर के अल्सर जैसे पुराने घावों के उपचार हेतु पुनर्योजी अनुसंधान के लिए सम्मानित किया गया।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में आयोजित एसीसी एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के विरुद्ध 53 गेंदों में 204 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 28 छक्के और 7 चौके शामिल थे। उन्होंने मात्र 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड बनाया तथा चाड बोवेस के 103 गेंदों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 28 गेंदों में शतक पूरा करके जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन बनाकर अपने ही 59 गेंदों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। एक पारी में 28 छक्के लगाकर उन्होंने डार्सी शॉर्ट के 23 छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
विमानन क्षेत्र में सहयोग के लिए भारत और सिंगापुर के बीच समझौते को मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विमानन क्षेत्र के रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल (Maintenance, Repair and Overhaul–MRO) में सहयोग बढ़ाने के लिए भारत और सिंगापुर के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी प्रदान की। इस समझौते का प्रमुख उद्देश्य विमानन क्षेत्र में कौशल एवं उद्योग विकास को प्रोत्साहित करना तथा विदेशी MRO सेवा प्रदाताओं पर भारत की निर्भरता कम करना है। इससे विमानन कंपनियों की परिचालन लागत और विमानों के परिचालन से बाहर रहने की अवधि (Aircraft Downtime) में कमी लाने में सहायता मिलेगी।
संविधान दिवस 2026 पर 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी हुआ भारतीय संविधान का अद्यतन संस्करण
भारत में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस (Constitution Day) मनाया गया। यह दिवस 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। वर्ष 2026 में संविधान को अंगीकृत किए जाने की 77वीं वर्षगाँठ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय संविधान का अद्यतन संस्करण सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किया गया। इसके साथ ही देशभर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
आईसीसी पुरुष टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में ऋषभ पंत बने सर्वोच्च रैंक वाले भारतीय बल्लेबाज
नवंबर 2026 में जारी आईसीसी पुरुष टेस्ट खिलाड़ी रैंकिंग (ICC Men’s Test Player Rankings) में ऋषभ पंत ने छठा स्थान हासिल कर भारतीय बल्लेबाजों में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। शुभमन गिल सातवें और यशस्वी जायसवाल नौवें स्थान पर रहे। बल्लेबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक पहले, जो रूट दूसरे तथा दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तीन स्थानों की छलांग लगाकर 856 रेटिंग अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुँच गए, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क शीर्ष स्थान पर रहे।
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस 2026
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस (International Day for the Elimination of Violence Against Women) प्रतिवर्ष 25 नवंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में संयुक्त राष्ट्र के UNiTE अभियान की थीम “न्याय सुनिश्चित करें, पीड़ितों की सुरक्षा करें और दंडमुक्ति समाप्त करें” (Ensure Justice, Protect Survivors, End Impunity) है। इस अवसर पर 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक लैंगिक हिंसा के विरुद्ध 16 दिवसीय सक्रियता अभियान शुरू किया गया। भारत में ग्रामीण विकास मंत्रालय ने दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत ‘नई चेतना 5.0’ अभियान शुरू किया। इस अभियान की थीम “पहुँच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना” है।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने किया स्वयं सिद्धा राष्ट्रीय सम्मेलन 2026 का उद्घाटन
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने 25 नवंबर 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर में महिला सशक्तिकरण पर आधारित दो दिवसीय ‘स्वयं सिद्धा राष्ट्रीय सम्मेलन 2026’ का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के स्वयं सिद्धा केंद्र द्वारा 25 से 26 नवंबर 2026 तक किया गया। सम्मेलन की थीम “विजया – शिक्षा के माध्यम से सशक्तिकरण की यात्रा” (VIJAYA – A Journey of Empowerment through Education) है। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।