Current Affairs Today (23 November 2026)
- भारतीय वायु सेना द्वारा ‘एयर फेस्ट 2026’ का आयोजन महाराष्ट्र के किस शहर में किया गया? — नागपुर।
- तीरंदाजी एशिया कप 2026 के तीसरे चरण में भारत ने कितने पदक जीतकर पदक तालिका में पाँचवाँ स्थान हासिल किया? — 6 पदक।
- राष्ट्रपति का निशान (प्रेसिडेंट्स कलर्स) प्राप्त करने वाला अरुणाचल प्रदेश पुलिस देश का कौन-सा पुलिस बल बन गया? — 17वाँ।
- दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड्स 2026 में किस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया? — धुरंधर।
- वर्ष 2026 का ‘प्रिंस विलियम अवार्ड फॉर कंजर्वेशन इन अफ्रीका’ आजीवन उपलब्धि पुरस्कार किसे प्रदान किया गया? — डॉ. कोलीन बेग।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2026 में बिहार में गंगा नदी पर निर्मित किस छह लेन वाले केबल-स्टेड पुल को राष्ट्र को समर्पित किया? — नीतीश सेतु।
- राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत भारत ने नौ महीने से भी कम समय में कितनी से अधिक वैक्सीन खुराकें दीं? — 1 करोड़।
- चारों SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज कौन बने? — के.एल. राहुल।
- प्रिंस विलियम और ‘यूनाइटेड फॉर वाइल्डलाइफ’ ने भारत के कितने अस्थायी वन्यजीव रक्षकों के लिए पाँच वर्षीय व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना की घोषणा की? — 10,000।
- पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 के तहत किस राज्य ने सात राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए? — आंध्र प्रदेश।
Current Affairs Playlist Rojgar With Ankit Youtube Channel
भारतीय वायु सेना ने नागपुर में किया एयर फेस्ट 2026 का आयोजन
भारतीय वायु सेना (Indian Air Force–IAF) ने 21 और 22 नवंबर, 2026 को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित वायुसेना नगर में दो दिवसीय ‘एयर फेस्ट 2026’ (Air Fest 2026) का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन वायु सेना की अनुरक्षण कमान के मुख्यालय (Headquarters Maintenance Command) द्वारा किया गया। एयर फेस्ट में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम (Surya Kiran Aerobatic Team), सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम (Sarang Helicopter Display Team) और आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम (Akash Ganga Skydiving Team) ने शानदार हवाई करतबों के माध्यम से अपनी परिचालन क्षमताओं, कौशल और सटीकता का प्रदर्शन किया।
तीरंदाजी एशिया कप 2026 के तीसरे चरण में भारत ने जीते छह पदक
चीन के हांगझोऊ (Hangzhou) में 16 से 21 नवंबर, 2026 तक आयोजित तीरंदाजी एशिया कप 2026 के तीसरे चरण (Archery Asia Cup 2026 Stage 3) में भारत ने तीन रजत और तीन कांस्य सहित कुल छह पदक जीतकर समग्र पदक तालिका में पाँचवाँ स्थान हासिल किया। भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी में पाँच और रिकर्व तीरंदाजी में एक पदक प्राप्त किया। महिला व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में अदिति गोपीचंद स्वामी ने रजत और पृथिका प्रदीप ने कांस्य पदक जीता, जबकि पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु ने रजत पदक हासिल किया। पुरुष कंपाउंड टीम स्पर्धा में गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु, मानव गणेशराव जाधव और मोहित भाटी की टीम ने रजत पदक जीता। महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा में अदिति गोपीचंद स्वामी, पृथिका प्रदीप और तेजल राजेंद्र साल्वे ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में उज्ज्वल धामा, गोल्डी मिश्रा और अभ्युदय अमोल पखाले की टीम ने कांस्य पदक जीता।
अरुणाचल प्रदेश पुलिस बनी राष्ट्रपति का निशान प्राप्त करने वाली देश की 17वीं पुलिस बल
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 21 नवंबर, 2026 को ईटानगर के निकट बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (Police Training Centre–PTC) में अरुणाचल प्रदेश पुलिस (Arunachal Pradesh Police–APP) को राष्ट्रपति का निशान (President’s Colour) प्रदान किया। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश पुलिस यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करने वाला देश का 17वाँ पुलिस बल बन गया। राष्ट्रपति का निशान किसी पुलिस या सैन्य बल की उत्कृष्ट सेवा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 में शुभंकर नंदी को प्रथम स्थान
राष्ट्रीय गोकुल मिशन (Rashtriya Gokul Mission) के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग (Department of Animal Husbandry and Dairying) ने राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (National Gopal Ratna Award–NGRA) 2026 के विजेताओं की घोषणा की। सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी में शुभंकर नंदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये पुरस्कार 26 नवंबर, 2026 को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस (National Milk Day) के अवसर पर बिहार के पटना में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह द्वारा प्रदान किए जाएंगे। स्वदेशी नस्लों के सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान श्रेणी में केरल के मुरलीधरन नायर ने प्रथम, गुजरात के ओडेदरा राजशिभाई ने द्वितीय और हरियाणा के मदन मोहन यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड के सागर सिंह रावत को पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई।
दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल पुरस्कार 2026 में ‘धुरंधर’ बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म
दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (Dadasaheb Phalke International Film Festival–DPIFF) पुरस्कार 2026 में फिल्म ‘धुरंधर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला। इसी फिल्म के लिए आदित्य धर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, अक्षय खन्ना को नकारात्मक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और शाश्वत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक चुना गया। आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ निर्माता घोषित किया गया। फिल्म ‘सैयारा’ के लिए अनीत पड्डा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री तथा इसके शीर्षक गीत को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गीत चुना गया। ‘कांतारा: चैप्टर 1’ को समीक्षकों की सर्वश्रेष्ठ फिल्म और ऋषभ शेट्टी को समीक्षकों का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। कमल हासन और इलैयाराजा को विशेष एवं उद्योग सम्मान प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय श्रेणियों में टेलर स्विफ्ट को इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर, जेम्स कैमरून को वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान और ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।
डॉ. कोलीन बेग को मिला प्रिंस विलियम संरक्षण आजीवन उपलब्धि पुरस्कार 2026
दक्षिण अफ्रीका की संरक्षण पारिस्थितिकीविद् (Conservation Ecologist) डॉ. कोलीन बेग (Dr. Colleen Begg) को लंदन में आयोजित टस्क संरक्षण पुरस्कार (Tusk Conservation Awards) समारोह में प्रिंस विलियम द्वारा वर्ष 2026 के ‘प्रिंस विलियम अवार्ड फॉर कंजर्वेशन इन अफ्रीका’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में आजीवन योगदान के लिए प्रदान किया गया। इसके साथ ही वह यह आजीवन उपलब्धि पुरस्कार प्राप्त करने वाली पहली महिला बन गईं। उन्होंने ‘वी अफ्रीका’ (Wee Africa) नामक कोचिंग एवं नेतृत्व पहल की सह-स्थापना भी की है।
भारतीय वैज्ञानिक शेखर सी. मांडे संयुक्त राष्ट्र के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार समूह में नियुक्त
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस (António Guterres) ने भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (Indian National Science Academy–INSA) के अध्यक्ष प्रोफेसर शेखर सी. मांडे को 2026–2028 के कार्यकाल के लिए सतत विकास लक्ष्यों (Sustainable Development Goals–SDGs) से संबंधित विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार पर संयुक्त राष्ट्र के 10-सदस्यीय समूह में नियुक्त किया। प्रोफेसर मांडे इस समूह में नौ अन्य वैश्विक विशेषज्ञों के साथ कार्य करेंगे। समूह की सह-अध्यक्षता घाना की मारियन डोरकास क्वाइन (Marian Dorcas Quain) और इटली के जियोर्जियो रॉसी (Giorgio Rossi) करेंगे। इस समूह का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार की भूमिका को बढ़ावा देना है।
लोनार झील वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत सूची में शामिल होने वाला भारत का दूसरा स्थल बनी
महाराष्ट्र की लोनार झील (Lonar Lake) को अंतरराष्ट्रीय भू-विज्ञान संघ (International Union of Geological Sciences–IUGS) की तीसरी ‘100 भूवैज्ञानिक विरासत स्थलों’ की सूची में शामिल किया गया है। इसकी घोषणा पुर्तगाल के अल्गार्वे (Algarve) में आयोजित आईयूजीएस भू-विरासत कार्यक्रम के दौरान की गई। इसके साथ ही लोनार झील इस प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल होने वाला भारत का दूसरा स्थल बन गई। इससे पहले वर्ष 2022 में मेघालय की मावमलुह गुफा (Mawmluh Cave) को इस सूची में स्थान मिला था। लोनार झील का निर्माण प्राचीन दक्कन ट्रैप्स की बेसाल्ट चट्टानों पर अत्यधिक तीव्र गति से उल्कापिंड के टकराने के कारण हुआ था। इस टक्कर से लगभग 1.88 किलोमीटर चौड़ा क्रेटर बना, जिसमें लवणीय-क्षारीय झील स्थित है। मास्केलिनाइट (Maskelynite) और शैटर कोन्स (Shatter Cones) जैसे विशिष्ट प्रभाव-जनित भूवैज्ञानिक संकेतकों के कारण यह स्थल वैज्ञानिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में छह लेन वाले ‘नीतीश सेतु’ को राष्ट्र को समर्पित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 नवंबर, 2026 को बिहार के वैशाली जिले में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की लागत वाली 227 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने गंगा नदी पर पटना और वैशाली को जोड़ने वाले छह लेन के केबल-स्टेड पुल ‘नीतीश सेतु’ (Nitish Setu) को राष्ट्र को समर्पित किया। इस पुल का निर्माण लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह पुल पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने, यातायात को सुगम बनाने तथा क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देने में सहायक होगा।